Today Breaking News

गाजीपुर में रेलवे फाटक खुला छोड़कर ड्यूटी से गायब हुआ गेटमैन, 20 मिनट तक खड़ी रही ट्रेन

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पूर्व मध्य रेलवे के दिलदारनगर-ताड़ीघाट ब्रांच लाइन पर शनिवार सुबह एक बड़ी लापरवाही सामने आई। वायरलेस मोड़ के पास गेट संख्या E04/C पर तैनात गेटमैन उमेश कुमार फाटक बंद किए बिना ही ड्यूटी से गायब हो गए, जिससे रेलवे फाटक खुला रह गया। इस दौरान सड़क पर वाहनों का आवागमन जारी रहा, जिससे बड़े हादसे का खतरा पैदा हो गया।
सुबह करीब 10:07 बजे दिलदारनगर से ताड़ीघाट जा रही डीटी पैसेंजर ट्रेन संख्या 53643 खुले फाटक के पास पहुंची और उसे रोकना पड़ा। ट्रेन लगभग 15 से 20 मिनट तक वहीं खड़ी रही।

यह ट्रेन डीडीयू से विलंब से चल रही थी और अपने निर्धारित समय सुबह 8:15 बजे के बजाय करीब 10:07 बजे दिलदारनगर स्टेशन से रवाना हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही सेक्शनल रेल पथ निरीक्षक अमन श्रीवास्तव ने तत्काल दूसरे गेटमैन शाहजहां अंसारी को मौके पर भेजा। उनके पहुंचने के बाद फाटक बंद कराया गया, जिसके बाद करीब 10:30 बजे ट्रेन को ताड़ीघाट के लिए रवाना किया जा सका।

इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।