गाजीपुर में जनरेटर न देने के विवाद में युवक ने किशोर को मारी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले की जमानिया थाना पुलिस ने शनिवार को जनरेटर मांगने को लेकर हुए विवाद में गोली चलाने वाले आरोपी बीर बहादुर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना ग्राम देवढ़ी में हुई थी, जिसमें एक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बीर बहादुर सिंह ने इमामुद्दीन के घर पहुंचकर महिलाओं से जबरन जनरेटर मांगने की कोशिश की। जब इसका विरोध किया गया, तो आरोपी ने गाली-गलौज और धमकी दी। इसके बाद उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने आए इमामुद्दीन के पुत्र दिलनवाज के दाहिने हाथ में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बीर बहादुर सिंह अपनी पल्सर मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस मुकदमा संख्या 109/26 के तहत उसकी तलाश कर रही थी और शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

