Today Breaking News

गाजीपुर में किशोरी हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र में एक किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हरिओम पांडे (19 वर्ष) को बड़सरा बाईपास, आरीपुर पहाड़पुर क्षेत्र से पकड़ा गया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। यह मामला जमानियां धरम्मरपुर पुल के पास किशोरी का शव मिलने से जुड़ा है।
घटना 15 अप्रैल को सामने आई थी, जब जमानियां धरम्मरपुर पुल के पास किशोरी के चप्पल, मोबाइल और गमछा मिले थे। इसके बाद उसका शव गंगा नदी में उतराया हुआ मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया था।

इस मामले ने 19 अप्रैल को निर्णायक मोड़ लिया, जब मृतका के पिता सियाराम शर्मा की लिखित तहरीर पर करंडा थाने में केस दर्ज किया गया है।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तत्परता दिखाते हुए मुख्य अभियुक्त हरिओम पांडे पुत्र सुभाष पांडे, निवासी ग्राम कटरिया, थाना करंडा को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्राधिकारी नगर और अन्य राजपत्रित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की थी और निष्पक्ष विवेचना शुरू की थी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ अराजक तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भ्रामक व जातिगत आधार पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिनकी पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।