Today Breaking News

दादी की जान बचाने को पोते ने छोड़ी बोर्ड परीक्षा, लिवर दान कर दिया नया जीवन

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, नई दिल्ली. गंभीर बीमारी से जूझ रही एक बुजुर्ग महिला को अपने 19 साल के पोते की बदौलत अब नया जीवन मिल गया है। पोते ने दादी की गंभीर हालत को देखते हुए ने केवल अपनी बोर्ड परीक्षा छोड़ दी, बल्कि दादी की जान बचाने के लिए अपना लिवर तक दान कर दिया। अब दादी-पोता दोनों ही स्वस्थ हैं। 
बिहार के हाजीपुर में रहने वाली 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला सुनीता देवी को 31 जनवरी 2026 को गंभीर हालत में गाजियाबाद के वैशाली स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लिवर एवं पित्त विज्ञान केंद्र, मैक्स के समूह अध्यक्ष डॉ. सुभाष गुप्ता ने बताया कि सुनीता देवी लिवर सिरोसिस बीमारी से पीड़ित थीं। उनकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। परिजनों से बात कर लिवर ट्रांसप्लांट करने पर सहमति बनी। लिवर डोनेट करने के लिए सुनीता के बेटे और बहू समेत अन्य कई परिजनों की जांच की गई, लेकिन वे दान के लिए उपयुक्त नहीं पाए गए। इसके बाद उनके 19 वर्षीय पोते आदित्य राज ने आगे आकर दादी को अपना लिवर दान देने की इच्छा जताई। डॉक्टरों द्वारा जरूरी जांच में आदित्य लिवर दान देने के लिए पूरी तरह उपयुक्त पाए गए और उनके परिजनों ने भी इसकी सहमति दे दी, जिसके बाद ट्रांसप्लांट किया गया।

डॉ. राजेश डे ने बताया कि जीवित दाता लिवर ट्रांसप्लांट विधि के तहत आदित्य के लिवर का दायां हिस्सा (करीब 710 ग्राम) ट्रांसप्लांट किया गया। 2 फरवरी को सफल प्रत्यारोपण हुआ और इसके बाद दो सप्ताह तक दोनों को कड़ी निगरानी में रखा गया। 17 फरवरी को आदित्य और उनकी दादी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। डॉ. राजेश ने बताया कि आदित्य के जीवन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।

आदित्य अपने परिवार के साथ हाजीपुर में ही रहते हैं। उनके पिता जैविक खेती करते हैं। आदित्य हाजीपुर के ही एक विद्यालय में 12वीं में पढ़ाई कर रहे हैं। आदित्य ने बताया कि 17 फरवरी को अस्पताल से छुट्टी मिली थी और इसी दिन से बिहार में उनकी सीबीएसई बोर्ड की 12वीं की परीक्षा थी। डॉक्टरों की सलाह अनुसार, उन्होंने अस्पताल से छुट्टी के लिए जल्दबाजी नहीं की और परीक्षा छोड़ दी। यह कठिन फैसला था, जिसमें पूरे परिवार ने उनका साथ दिया। आदित्य का कहना है कि दादी की तबीयत ज्यादा खराब थी, इसीलिए ट्रांसप्लांट भी ज्यादा देर नहीं टाला जा सकता था। आदित्य का कहना है कि दादी से वह बेहद करीब हैं।