Today Breaking News

गाजीपुर में ईंट भट्टा संचालक पर फायरिंग करने वाला गिरफ्तार, पुलिस पर भी की फायरिंग

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में सैदपुर थाना क्षेत्र के पियरी बाजार में ईट भट्ठा संचालक को जान से मारने के लिए फायरिंग करने वाले शातिर बदमाश को उसके घर आनापुर सरैया के पास से गिरफ्तार करने के बाद पुलिस असलहा बरामद करने जा रही थी। इसी दौरान शातिर बदमाश ने छिपाए गए असलहे से पुलिस पर हमला कर दिया।
पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ सैदपुर रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि दो दिन पूर्व अपने ईंट भट्ठा पर जाने के दौरान संचालक पर दिनदहाड़े फायरिंग की गई थी लेकिन उसने भागकर गाड़ी में छिपकर अपनी जान बचा ली थी। गोली उसकी गाड़ी में धंस गयी थी।

इसके बाद देवकली ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि से लगायत कई लोग थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। मामले में पीड़ित ने एक नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की और उसके बाद घटना में शामिल आरोपी रोहन यादव निवासी आनापुर सरया, करण्डा को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया।


इसके बाद मंगलवार की सुबह उसे लेकर घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद करने लेकर जा रहे थे। उसी समय बदमाश ने पिस्टल हासिल कर पुलिस पर हमला कर दिया। जवाब में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी और वो गिर पड़ा। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल ले जाया गया।

उसके पास से पुलिस को 32 बोर की अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद किया। सीओ ने बताया कि बदमाश पर जिले के विभिन्न थानों में पहले से ही कुल 15 गम्भीर मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें मारपीट, एससीएसटी एक्ट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, चोरी के नंदगंज में सर्वाधिक 10, रामपुर मांझा में 3 व सैदपुर और मरदह में एक-एक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाल राजेश त्रिपाठी, एसआई विद्याधर तिवारी आदि रहे।