Today Breaking News

गाजीपुर में DGP ने छात्रों से किया संवाद, SPEL प्रोग्राम में 50 छात्र-छात्राएं शामिल हुए

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर पुलिस लाइन सभागार में सोमवार को स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरिएंशियल लर्निंग (SPEL) प्रोग्राम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें पुलिस महानिदेशक (DGP) एल. वी. एंटनी देव कुमार ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया।
इस दौरान छात्रों ने पुलिस कार्यप्रणाली, भर्ती प्रक्रिया, कार्य के दबाव और चुनौतियों से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तृत जवाब दिया। इस संवाद का उद्देश्य युवाओं को पुलिस व्यवस्था से जोड़ना और उनकी सोच में सकारात्मक बदलाव लाना था। 50 छात्र-छात्राएं शामिल हुए बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा और अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। 30 दिवसीय SPEL प्रोग्राम में जिले के 5 महाविद्यालयों के 50 छात्र-छात्राओं को शामिल किया गया था। इन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली से संबंधित व्यावहारिक और सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया।

प्रोग्राम के तहत 20 दिन थानों पर प्रशिक्षण, 6 दिन विभिन्न पुलिस शाखाओं का भ्रमण और 4 दिन रिपोर्ट लेखन शामिल था। प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को कानून, अपराध अनुसंधान, यातायात नियंत्रण, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, मानव तस्करी और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। छात्रों ने पुलिस लाइन, साइबर थाना, महिला थाना, यूपी-112, नारकोटिक्स सेल और मीडिया सेल का भी भ्रमण किया। प्रशिक्षण थाना कोतवाली, सैदपुर, सादात और मुहम्मदाबाद में आयोजित किया गया, जहां छात्रों ने पुलिस कार्य को करीब से समझा।

छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए कार्यक्रम के समापन पर छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पहले उनके मन में पुलिस को लेकर कई भ्रांतियां थीं, लेकिन इस संवाद और प्रशिक्षण के बाद उनकी सोच में सकारात्मक बदलाव आया है। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हैं। युवाओं को उत्तर प्रदेश पुलिस की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देते हुए उन्हें जनसेवा के लिए पुलिस बल में शामिल होने हेतु प्रेरित भी किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।