Today Breaking News

गाजीपुर में रेलवे लाइन पर मिला महिला का शव, दो महीने बाद होनी थी बेटी की शादी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कनेरी गांव के पास औड़िहार-गोरखपुर रेलवे लाइन पर एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सोमवार सुबह शव की पहचान कनेरी गांव निवासी 55 वर्षीय सविता के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सविता रविवार शाम करीब 6 बजे घर के पास स्थित बौरवा बाजार में कुछ सामान लेने निकली थीं। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। सोमवार भोर में पुलिस को रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव मिला, जिसकी बाद में सविता के रूप में पहचान हुई। मृतक सविता के पति लालजी मुंबई के ठाणे क्षेत्र में मजदूरी करते हैं। सविता अपने पीछे पांच बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनमें तीन बेटियां और दो बेटे शामिल हैं। उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटी बेटी की शादी 23 जून को तय थी। परिवार इस शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था।
सविता मृतक
सोमवार को मुंबई से लौटे सविता के पति लालजी ने बताया कि सविता पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रही थीं और उनका इलाज चल रहा था। वह अपनी छोटी बेटी प्रीति के साथ घर पर रह रही थीं, जबकि उनके दोनों बेटे लालजी के साथ मुंबई में थे। लालजी को आज लौटने पर घटना की जानकारी मिली।

सैदपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि मृतक के पति की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने परिजनों से लिखित सूचना प्राप्त कर घटना की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।