Today Breaking News

गाजीपुर में हंसराजपुर के चौकी प्रभारी निलंबित, पुलिस अधीक्षक ने की कार्रवाई

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के शादियाबाद थाना क्षेत्र स्थित हंसराजपुर चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। उन पर अनुशासनहीनता, कार्यशैली पर सवाल और जनअसंतोष के आरोप थे। क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा शुभम वर्मा ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है।
यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट वायरल होने के बाद की गई है। चौकी इंचार्ज आनंद कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है और मामले की जांच जारी है।

आनंद कुमार गुप्ता पिछले माह तब सुर्खियों में आए थे, जब सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट वायरल हुई थी। इस पोस्ट में उन पर धमकी देने, वसूली करने और लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे।

वायरल संदेश में हिंसा करने वाले को इनाम देने की बात भी लिखी गई थी। पोस्ट में मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल्स और कई निजी जानकारियां साझा की गई थीं, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया था।

वायरल पोस्ट के बाद बभनौली निवासी टोटो चालक जोगिंदर राजभर ने चौकी में तहरीर दी थी। उसने बताया कि उसकी फोटो और नाम का गलत इस्तेमाल कर फर्जी पोस्ट बनाई गई थी। चौकी प्रभारी आनंद गुप्ता ने तब सफाई दी थी कि युवक की आईडी किसी अन्य ने हैक या दुरुपयोग कर ली थी और संबंधित पोस्ट को बाद में हटा दिया गया था।

हालांकि, यह पहला मामला नहीं था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौकी प्रभारी की कार्यशैली को लेकर लंबे समय से असंतोष था। उनके आचरण को लेकर कई मामलों में विभागीय जांच भी चल रही थी।

लगातार बढ़ती शिकायतों और सोशल मीडिया विवाद के बाद पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी कर दिया।