पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र को 'गाजीपुर गौरव सम्मान', साहित्य चेतना समाज 5 अप्रैल को करेगा सम्मानित
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र को 'गाजीपुर गौरव सम्मान' से सम्मानित किया जाएगा। साहित्य चेतना समाज की बैठक में यह निर्णय लिया गया। संस्था के सचिव हीरा राम गुप्ता ने बताया कि सम्मान समारोह 5 अप्रैल, रविवार को गाजीपुर नगर के बंधवा स्थित शहनाई पैलेस में आयोजित होगा।
यह सम्मान समारोह संस्था के 41वें वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं गाजीपुर गौरव सम्मान समारोह (चेतना महोत्सव-2026) का एक भाग है। संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी 'अमर' के अनुसार, 'गाजीपुर गौरव सम्मान' प्रतिवर्ष जनपद की ऐसी प्रतिष्ठित हस्ती को प्रदान किया जाता है, जिसने किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया हो।
इस वर्ष यह सम्मान सैदपुर तहसील के मलिकपुर गाँव निवासी पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र को उनके राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया जाएगा। कलराज मिश्र का लगभग छह दशकों का सामाजिक और राजनीतिक जीवन शुचितापूर्ण रहा है।
अपने छह दशकों के कार्यकाल में वे निरंतर सक्रिय रहे और विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में सेवाएं दीं, साथ ही हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के राज्यपाल पद पर भी रहे।
कलराज मिश्र 4 अप्रैल को दोपहर 3:00 बजे अपने पैतृक गाँव सैदपुर के मलिकपुर पहुँचेंगे। वे शाम 6:00 बजे तक गाँव में रुकेंगे, जिसके बाद वे वाराणसी के सर्किट हाउस के लिए प्रस्थान करेंगे।
