Today Breaking News

गाजीपुर में तारीघाट रेलवे स्टेशन फिर से चालू होगा, रेल मंत्रालय ने दी मंजूरी, ₹11 करोड़ बजट जारी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां क्षेत्र अंतर्गत पूर्व मध्य रेलवे दानापुर का 147 वर्ष पुराना तारीघाट रेलवे स्टेशन फिर से चालू होगा। इस परियोजना के तहत ढाई किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन के लिए मिट्टी भराई का काम शुरू हो गया है।
रेल मंत्रालय ने मार्च 2024 में इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया को मंजूरी दी थी और लगभग 11 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया था। इसके लगभग एक माह बाद, पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल के अधिकारियों ने निर्माण कार्य शुरू किया।

यह कार्य नए तारीघाट स्टेशन के पास स्थित पुलिया नंबर 12 से पुराने स्टेशन तक करीब ढाई किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन बिछाने का है। गुरुवार को पोकलेन मशीनों की सहायता से मिट्टी भराई का काम तेजी से शुरू हुआ। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना को चार महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस प्रोजेक्ट के तहत मिट्टी भराई, ट्रैक बेड निर्माण, बैलास्ट बिछाना, रेलवे लाइन का विद्युतीकरण और स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म तथा परिसर का आधुनिकीकरण व सौंदर्यीकरण शामिल है।

परियोजना के प्रथम चरण में माल ढुलाई को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके तहत गुड्स बैलास्ट साइडिंग के साथ लोडिंग और अनलोडिंग प्वाइंट विकसित किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि पुराना तारीघाट रेलवे स्टेशन फरवरी 2023 में बंद कर दिया गया था। हालांकि, क्षेत्रीय आवश्यकताओं को देखते हुए रेलवे मंत्रालय ने इसे पुनः विकसित करने की योजना बनाई। जुलाई 2023 में रेलवे की सर्वे टीम ने विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मंत्रालय को सौंपी थी, जिसके आधार पर इस पुनरुद्धार परियोजना को अंतिम स्वीकृति मिली।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन को दोबारा चालू करने के लिए पूरे यार्ड के ढांचे में आवश्यक तकनीकी बदलाव किए जाएंगे। पुनः संचालन में आने के बाद यह स्टेशन शहर और घाट जाने वाले रेल मार्ग से भी जुड़ जाएगा।

दानापुर मंडल के पीडब्ल्यूआई दिलीप कुमार ने बताया कि लगभग ढाई किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाने के लिए मिट्टी भराई का कार्य शुरू हो गया है और 11 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना चार माह में पूरी की जाएगी।