Today Breaking News

गाजीपुर के कटारिया गांव में हुए पत्थरबाजी में 10 आरोपी गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. करण्डा पुलिस ने कटारिया गांव में हुई पत्थरबाजी की घटना में 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक किशोरी की मौत के बाद उपजे तनाव के दौरान हुई थी, जब एक प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को जमानिया-धरम्मरपुर पुल के पास एक किशोरी का शव मिला था। उसकी पहचान निशा शर्मा के रूप में हुई। इस मामले में मृतका के पिता सियाराम शर्मा की लिखित तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

इसी घटना के क्रम में 22 अप्रैल को समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मृतका के परिजनों से मिलने ग्राम कटारिया पहुंचा था। इसी दौरान कुछ अराजक तत्वों द्वारा अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गांव में तनाव की स्थिति बन गई।

पत्थरबाजी की इस घटना में क्षेत्राधिकारी नगर, थानाध्यक्ष करण्डा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गाजीपुर सहित कई पुलिसकर्मी और अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और मु0अ0सं0 57/2026 के तहत धारा 191(2), 191(3), 190, 109(1), 115(2), 125, 132, 351(3), 353(2) बीएनएस एवं 7 सीएलए एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में सत्या यादव उर्फ रामजन्म यादव, लाल बाबू यादव, मोहम्मद इरफान, शाह मोहम्मद, जीवन यादव, विगनाथ यादव, सितान्शु कुमार गौंड, अनिल यादव, सत्येन्द्र यादव और सुभाष यादव शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक एवं उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह अपनी टीम के साथ सक्रिय रूप से शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।