गाजीपुर में आंधी-तूफान से PHC की दीवार गिरी, बुजुर्ग बाल-बाल बचे
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के बिरनो क्षेत्र में बुधवार शाम 4:30 बजे तेज आंधी और चक्रवाती तूफान ने व्यापक नुकसान पहुँचाया। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के धर्मागतपुर गांव में कई स्थानों पर क्षति दर्ज की गई है।
धर्मागतपुर में एक खड़ी गाड़ी पर अचानक पेड़ की एक भारी डाल गिर गई, जिससे वाहन को काफी नुकसान हुआ। इसी के पास एक झोपड़ी पर भी पेड़ की डाल गिरी, जिसमें लगभग 70 वर्षीय बुजुर्ग रामनाथ चौहान सो रहे थे।
डाल गिरने से वह घबराकर चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुँचे और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना में बुजुर्ग बाल-बाल बच गए।
तेज आंधी के कारण न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) धर्मागतपुर की चहारदीवारी भी ढह गई। इससे स्वास्थ्य केंद्र परिसर को भी नुकसान पहुँचा है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि तूफान अत्यधिक तीव्र था, जिसके चलते क्षेत्र में कई पेड़ टूट गए और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को उचित सहायता प्रदान करने की मांग की है।
