गाजीपुर में भीषण आंधी-बारिश से बिजली के खंभे गिरे, कई इलाकों की बिजली गुल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर क्षेत्र में अचानक मौसम बिगड़ गया। तेज आंधी, धूल भरी हवाओं और बारिश ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सड़कों पर अंधेरा छा गया और वाहन चालकों को हेडलाइट जलानी पड़ी।
पछुआ हवा के तेज झोंकों के कारण सैदपुर थाने के पास एक वाहन चालक सड़क पर गिर गया। हालांकि, समय रहते आसपास के लोगों ने उसकी मदद की और कोई बड़ा हादसा टल गया।
इसके बाद मौसम ने फिर करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई, जिसके कुछ ही देर बाद ओलावृष्टि भी होने लगी। इसी दौरान सैदपुर नगर में बीएसएनएल कार्यालय के पास एक हाई-टेंशन बिजली का खंभा पास से गुजर रहे एक ऑटो पर गिर गया। ऑटो चालक की सूझबूझ से उसने समय रहते ब्रेक लगा दिया, जिससे वाहन का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया और बड़ा हादसा टल गया।
इस आंधी और बारिश के कारण कई शादी-विवाह के कार्यक्रम प्रभावित हुए। कई टेंट उखड़ गए और क्षेत्र में दर्जनों बिजली के खंभे गिरने की सूचना है। विद्युत वितरण खंड तृतीय की पूरी बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।
विद्युत वितरण खंड तृतीय के एसडीओ एके सिंह ने बताया कि विद्युतकर्मी मरम्मत कार्य में लगे हुए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही ज्यादातर क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
