Today Breaking News

गाजीपुर में रंगदारी नहीं देने पर ट्रक मालिक को कट्टे की बट से पीटा, ग्रामीणों ने 1 हमलावर को पकड़ा, 2 फरार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के समीप बाइक सवार बदमाशों ने एक ट्रक मालिक पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने रंगदारी न देने पर ट्रक मालिक को तमंचे की बट से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से एक हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि अन्य भागने में सफल रहे।
बिरनो थाना क्षेत्र के आराजी ओड़ासन गांव निवासी कन्हैया उर्फ कृष्णा यादव पेशे से ट्रक मालिक हैं। वे अपने ट्रक का हिसाब करने के लिए मरदह थाना क्षेत्र स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास आए थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। पीड़ित कन्हैया यादव का आरोप है कि हमलावरों ने उनसे रंगदारी की मांग की। इनकार करने पर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और कट्टे की बट से उनके सिर व शरीर पर प्रहार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।

कन्हैया की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख हमलावर भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक हमलावर को पकड़ लिया और उसकी पिटाई की।

सूचना मिलते ही मरदह पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए हमलावर को हिरासत में लेकर थाने ले आई। घायल ट्रक मालिक कन्हैया यादव ने इस मामले में तीन अज्ञात हमलावर के खिलाफ मारपीट और रंगदारी मांगने के संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

मरदह थाना प्रभारी तारावती ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ जारी है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।