Today Breaking News

गाजीपुर में ग्राम प्रधान पर लाठी-फावड़े से हमला, 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में चकरोड विवाद को लेकर ग्राम प्रधान हरकेश गुप्ता पर जानलेवा हमला किया गया। आधा दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों और फावड़े से उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
आक्रोशित समर्थकों के साथ प्रधान सैदपुर कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी।
पुलिस ने प्रधान की तहरीर पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मारपीट खेत के पास बन रहे चकरोड के विरोध में हुई। पूरा मामला सैदपुर थाना क्षेत्र के बड़नपुर गांव का है। गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र के बड़नपुर गांव में चार माह पहले चकरोड बनाई गई थी, लेकिन कुछ लोगों ने उसे काटकर अपनी जमीन में मिला लिया था। इस मामले में खंड विकास अधिकारी और ब्लॉक प्रमुख से बातचीत के बाद सहमति बनी, जिसके तहत दो दिन पहले फिर से चकरोड तैयार कराई गई।

शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे ग्राम प्रधान हरकेश गुप्ता को कुछ लोगों ने फोन कर चकरोड के पास बुलाया। मौके पर पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। हमलावरों ने प्रधान पर लाठी-डंडों और फावड़े से हमला कर दिया। इसी दौरान प्रधान के समर्थक भी मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देख हमलावर फरार हो गए।
घायल प्रधान को तुरंत सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। आक्रोशित समर्थकों के साथ प्रधान सैदपुर कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। उन्होंने गांव के राजेश यादव, अजय यादव, कमलेश यादव, आंसू यादव, प्रियांशु यादव, सूबेदार यादव और लालू यादव पर हमले का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

ग्राम प्रधान हरकेश गुप्ता ने बताया कि कुछ लोगों ने मुझे अपने खेत के पास बुलाया था। जैसे ही मैं वहां पहुंचा, मुझ पर हमला कर दिया गया। मौके पर 8-10 लोग मौजूद थे। अजय यादव ने मेरे ऊपर फावड़े से हमला किया जो यूपी पुलिस में सिपाही है।

सैदपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया- इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।