Today Breaking News

गाजीपुर में दो बाइकों की टक्कर में तीन की मौत, एक घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के सादात थाना क्षेत्र में टांड़ा गांव के पास गुरुवार रात करीब 11 बजे दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में से शुभम कुमार को गंभीर हालत में वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एक बाइक पर सवार होकर मुबारकपुर हरतरा गांव निवासी 17 वर्षीय शनि कुमार, 17 वर्षीय दीपक यादव और 16 वर्षीय शुभम कुमार शादियाबाद स्थित एक मजार पर लगे उर्स मेला में जा रहे थे। वहीं, दूसरी बाइक पर बहरियाबाद थाना क्षेत्र के आसपुर खुमिया निवासी 18 वर्षीय विजय उर्फ रोलू राजभर, 22 वर्षीय अखिलेश राजभर और अजीत राजभर उसी उर्स मेले से अपने घर लौट रहे थे। टांड़ा चट्टी के पास दोनों बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में शनि, दीपक और विजय की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही सादात थानाध्यक्ष पन्ने लाल यादव और बहरियाबाद थानाध्यक्ष बृजेश कुमार पुलिस बल के साथ देर रात घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। मृतकों में मुबारकपुर हरतरा निवासी शनि कुमार के पिता चंद्रशेखर राम खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शनि 12वीं कक्षा का छात्र था, जबकि उसका छोटा भाई समर सातवीं में पढ़ता है। माता-पिता रेनू देवी और चंद्रशेखर राम का रो-रोकर बुरा हाल है।

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दीपक यादव के पिता हजारी यादव वाराणसी में ड्राइवर हैं। चार भाइयों और एक बहन में दीपक दूसरे नंबर पर था। उसके बड़े भाई पंकज, बहन माधुरी, भाई किशन, गोपाल और माता राधिका देवी भी गहरे सदमे में हैं। दूसरी बाइक पर सवार मृतक विजय उर्फ रोलू राजभर अपने पिता लालचंद्र राजभर के चार बेटों में सबसे छोटा था। भाई राजकुमार, शिवकुमार, अजय और माता निर्मला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे में घायल अखिलेश राजभर और अजीत को हल्की चोटें आई हैं।