Today Breaking News

गाजीपुर में भूमि विवाद को लेकर 2 पक्षों में जमकर मारपीट, एक ही परिवार के 4 लोग घायल, 13 पर FIR दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र के महेगवा गांव में रविवार शाम भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर कुल 13 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, यह विवाद खूंटा गाड़ने को लेकर शुरू हुआ। महेगवा निवासी भरत खरवार रविवार देर शाम अपने दरवाजे पर भैंस बांधने के लिए खूंटा गाड़ रहे थे। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान गांव के पड़ोसी, जो कथित तौर पर लंबे समय से जमीन कब्जा करने की फिराक में थे, वहां पहुंचे और खूंटा उखाड़कर फेंक दिया।

जब भरत खरवार और उनके परिजनों ने इस पर आपत्ति जताई, तो दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में भरत खरवार की पत्नी ममता देवी (45), पुत्र सूरज खरवार (26), गुलशन खरवार (22) और बहू रंजना देवी (25) गंभीर रूप से घायल हो गए।

शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मरदह में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद ममता देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया है।

थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। तहरीर के आधार पर दूसरे पक्ष के अजय खरवार, वीर बहादुर खरवार, संजय खरवार, आकाश खरवार, रोशन खरवार, शुभम खरवार, बिंदु और शीला सहित 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, पुलिस ने प्रथम पक्ष से भी 5 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दोनों तरफ से कुल 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।