Today Breaking News

गाजीपुर में जमीन विवाद में पिता-पुत्र पर हमला, 6 पर मुकदमा, आरोपी फरार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के सुहवल थाना क्षेत्र के गौरा गाँव में मंगलवार को जमीन की पैमाइश को लेकर विवाद हो गया। पैमाइश के पिलर और दीवार उखाड़ने का विरोध करने पर कुछ लोगों ने पिता-पुत्र पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में छह नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गौरा गाँव निवासी कृष्णावती देवी ने तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके सहन में बने पिलर और दीवार को गाँव के कुछ लोगों ने जबरन उखाड़ दिया। जब उनके पति हरिहर यादव और पुत्र बृजेश यादव ने इसका विरोध किया, तो आरोपितों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।

पुलिस ने इस मामले में बृजेश यादव उर्फ झंडू, सपना देवी, हकडू, विश्वजीत राय, मनोज राय और आर्यन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद से सभी आरोपित फरार बताए जा रहे हैं।

थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।