Today Breaking News

गाजीपुर में शराब तस्करी का भंडाफोड़, 162 लीटर अवैध शराब जब्त, एक गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में अपराध और अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गहमर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से बिहार ले जाई जा रही 162 लीटर अवैध देशी शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 67,000 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) व क्षेत्राधिकारी जमानियां के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मुख्य सड़क से करहिया रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मोड़ के पास घेराबंदी कर पिकअप वाहन को रोका।

तलाशी के दौरान वाहन में पानी की पेटियों के बीच छिपाकर रखी गई अवैध शराब बरामद हुई। इसमें 490 पैकेट (लगभग 90 लीटर) ब्ल्यू लाइम देशी शराब और 360 पैकेट (लगभग 72 लीटर) शाही नींबू देशी शराब शामिल है।

इसके अतिरिक्त, 22 पेटी पानी की बोतलें (एक्वा ब्रेव कंपनी) भी बरामद की गईं।

पुलिस ने मौके से दीपक चौहान (21 वर्ष) पुत्र भोला चौहान, निवासी ग्राम नवली जलालपुर, थाना रेवतीपुर, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह शराब की यह खेप बिहार ले जा रहा था।

अभियुक्त के खिलाफ थाना गहमर में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रोहित कुमार द्विवेदी (चौकी प्रभारी कामाख्या) और कांस्टेबल प्रीतम कुमार प्रमुख रूप से शामिल थे। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।