गाजीपुर में प्रधान पर हमले के दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर के बड़नपुर गांव में प्रधान पर लाठी-डंडों से हमला करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को हुए इस हमले में प्रधान हरकेश गुप्ता घायल हो गए थे। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
यह घटना बीते शुक्रवार को सैदपुर थाना क्षेत्र के बड़नपुर गांव में हुई थी। चकरोड के निर्माण को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने गांव के प्रधान हरकेश गुप्ता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था, जिससे वह घायल हो गए। घायल प्रधान का सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया गया।
प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने गांव निवासी राजेश यादव, अजय, कमलेश, आशु, प्रियांशु, सूबेदार, जितेंद्र और लालू सहित आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सैदपुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस तभी से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। घटना के पांचवें दिन मंगलवार को पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
