गाजीपुर में अवैध देह व्यापार का भंडाफोड़, संचालक महेंद्र यादव गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर सदर कोतवाली पुलिस ने विश्वेश्वरगंज इलाके में चल रहे अवैध देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। सोमवार देर शाम की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 58 वर्षीय महेंद्र यादव को गिरफ्तार किया, जो इस अवैध कारोबार का संचालक बताया जा रहा है। महेंद्र यादव स्वर्गीय नरसिंह यादव का पुत्र और विश्वेश्वरगंज का निवासी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि विश्वेश्वरगंज में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर दबिश दी। इस मामले में थाना कोतवाली में अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3 और 7 में केस दर्ज किया गया है।
यह पूरी कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक नगर गाजीपुर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में की गई। छापेमारी टीम का नेतृत्व निरीक्षक नागेंद्र प्रसाद सिंह ने किया। टीम में हेड कांस्टेबल नीरज सिंह और महिला कांस्टेबल वंदना श्रीवास्तव भी शामिल थीं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी महेंद्र यादव को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही, पुलिस इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
