Today Breaking News

गाजीपुर में सपा नेताओं-ग्रामीणों में पत्थरबाजी, पूर्व मंत्री का सिर फूटा, लड़की की हत्या हुई थी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में सपा प्रतिनिधिमंडल और गांववालों के बीच जमकर पत्थर चले। सपा का प्रतिनिधिमंडल एक पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा था, लेकिन गांववालों ने उन्हें गांव के बाहर रोक दिया। इस दौरान हुए झगड़े के बाद पत्थरबाजी हुई। इसमें पूर्व मंत्री का रामआसरे विश्वकर्मा के सिर पर गंभीर चोट लगी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दरअसल, 15 अप्रैल को 16 साल की लड़की निशा विश्वकर्मा का शव जमानिया पुल के पास नदी में मिला था। पुलिस की जांच में यह मामला हत्या का निकला। इसके बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। निशा की मौत के बाद से ही गांव में तनाव का माहौल था। इसी बीच, बुधवार को सपा का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने कटरिया गांव जा पहुंचा। गांववालों ने जब सपा प्रतिनिधिमंडल को रोका, तो वे लोग वहीं धरने पर बैठ गए। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच पहले जुबानी बहस शुरू हुई। धीरे-धीरे मामला बिगड़ने लगा और पत्थरबाजी होने लगी। इसमें पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा, जंगीपुर से सपा विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव, रीना यादव और बिंदुबाला बिंद घायल हो गए।

गाजीपुर के कटरिया गांव में 14-15 अप्रैल की रात एक 16 साल की लड़की निशा शर्मा की गंगा नदी में कूदने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से गांव में लगातार तनाव की स्थिति बनी है।

निशा के पिता सियाराम शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने 2 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। जांच के बाद पुलिस ने एक आरोपी हरिओम पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

इसी बीच, घटना को लेकर सोशल मीडिया पर जातीय आधार पर टिप्पणियां करने का मामला सामने आया था। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने ब्राह्मण समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो गया था। कटरिया गांव में निशा विश्वकर्मा की हत्या के विरोध में 20 अप्रैल (सोमवार) को सपा ने प्रदर्शन किया था। इसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने हत्यारों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज करने, विसरा जांच कराने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और आर्थिक सहायता देने की मांग की थी। साथ ही करंडा थानाध्यक्ष को बर्खास्त करने की भी मांग की थी। बाद में जिलाधिकारी अविनाश कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा को एक ज्ञापन सौंपा गया था।

वाराणसी भाजपा जिलाध्यक्ष एवं MLC हंसराज विश्वकर्मा ने 21 अप्रैल (मंगलवार) को पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने निशा विश्वकर्मा की हाल में हुई हत्या के मामले में परिजनों से विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मौके से ही संबंधित उच्च अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर मामले की निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे।