Today Breaking News

गाजीपुर में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, पति समेत 9 पर केस

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के कासिमाबाद क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव फंदे से लटका मिला। मृतका की मां ने पति समेत ससुराल पक्ष के 9 लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर के अनुसार, लगभग छह वर्ष पहले नगमा खातून की शादी अमीर खान से हुई थी।
शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि पति, सास-ससुर, देवर-देवरानी और अन्य परिजन लगातार मारपीट करते थे और जान से मारने की धमकियां भी देते थे। इस विवाद को लेकर पहले पंचायत में समझौता भी हुआ था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं आया।

घटना से एक दिन पहले, 15 अप्रैल को नगमा ने अपनी मां मुन्नी खातून को फोन कर बताया था कि ससुराल पक्ष के लोग उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मां ने अगले दिन आने का भरोसा दिया, लेकिन उससे पहले ही सुबह करीब चार बजे नगमा की मौत की खबर आ गई।

चौंकाने वाली बात यह है कि रात करीब तीन बजे नगमा ने अपने दोनों बच्चों के साथ एक सेल्फी भेजी थी, जिससे लग रहा था कि उस समय वह सामान्य स्थिति में थी। परिजनों के अनुसार, जब वे मौके पर पहुंचे तो नगमा का शव कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।
5 बहनों में तीसरे नंबर पर थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं, एक पांच साल का बेटा और एक छह महीने की बेटी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पति अमीर खान सहित नौ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली कासिमाबाद के प्रभारी ने बताया कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।