गाजीपुर में ट्रांसफार्मर चोरी, बिजली विभाग के एसडीओ, दो जेई निलंबित; दो लाइनमैन बर्खास्त
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एक एसडीओ और दो जूनियर इंजीनियर (जेई) को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो लाइनमैन को सेवा से बर्खास्त किया गया है। यह कार्रवाई विभागीय जांच के बाद की गई है।
अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना ने गुरुवार को लाल्डरवाज स्थित अपने कार्यालय में मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुल 10 ट्रांसफार्मर चोरी होने का मामला सामने आया था, जिसकी शिकायत वर्तमान जेई ने दर्ज कराई थी।
यह मामला तब गंभीर हुआ जब शिकायत उच्च स्तर तक पहुंची और एमडी शंभू कुमार के निर्देश पर विभागीय जांच शुरू की गई। जांच में विद्युत वितरण खंड प्रथम जंगीपुर के अंतर्गत आने वाले उपखंड कार्यालय से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई।
जांच के आधार पर एसडीओ प्रमोद यादव, जेई राजीव गुप्ता और जेई नीरज कुमार को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, लाइनमैन शिवकुमार और रमेश को सेवा से बर्खास्त किया गया है।
बताया गया कि वासुदेवपुर और बेन सागर फीडर के अंतर्गत विभिन्न गांवों से कुल 9 ट्रांसफार्मर चोरी हुए थे। इस मामले में महीनों पहले थाने में तहरीर भी दी गई थी, लेकिन उस समय मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था। विभागीय जांच में एसडीओ प्रमोद यादव को दोषी पाए जाने के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई।
