Today Breaking News

:गाजीपुर में नीलगाय से बाइक टकराई, दो की मौत, एक घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मरदह थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर शाम एक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। जागोपुर हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार बाइक नीलगाय से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, रायपुर भकनी निवासी शैलेंद्र (30 वर्ष, पुत्र सहदेव) अपनी बाइक पर राजेश राजभर (45 वर्ष, पुत्र रूगु) और ग्राम असव निवासी मुद्रिका (पुत्र राजेंद्र) के साथ मरदह से अपने घर भकनी जा रहे थे। मुद्रिका अपने रिश्तेदारों के घर आए हुए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। जागोपुर हनुमान मंदिर के समीप अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। तेज गति के कारण चालक शैलेंद्र संतुलन खो बैठा और बाइक सीधे नीलगाय से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और निजी साधनों से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

चिकित्सकों के अनुसार, शैलेंद्र और राजेश राजभर को गंभीर चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल गाजीपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शैलेंद्र की मौत हो गई। राजेश राजभर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मुद्रिका को भी शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों और घायल के परिजनों में शोक छा गया और वे अस्पताल की ओर दौड़ पड़े।

थाना प्रभारी तारावती ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिली है और पुलिस द्वारा जांच-पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं ग्राम प्रधान शिवनारायण यादव ने बताया कि बाइक की टक्कर नीलगाय से हो गई, जिससे यह हादसा हुआ।