गाजीपुर में शराब दुकान का विरोध, महिलाओं ने DM को पत्रक सौंपकर हटाने की मांग की
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के भांवरकोल ग्राम पंचायत पलिया बुजुर्ग में प्रस्तावित शराब की दुकान का ग्रामीणों ने विरोध किया है। गुरुवार को गांव की दर्जनों महिलाओं और अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी अविनाश कुमार से मुलाकात कर उन्हें एक पत्रक सौंपा।
उन्होंने दुकान को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार, प्रस्तावित शराब की दुकान आबादी क्षेत्र के बीच स्थित है। इसके पास एक मंदिर भी है। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय भी लगभग 250 से 300 मीटर की दूरी पर हैं, जहां प्रतिदिन बच्चे पढ़ने जाते हैं। ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त की कि दुकान खुलने से बच्चों के वातावरण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियां बढ़ सकती हैं। उन्होंने बताया कि यह गांव सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित है, जहां पहले से ही अवैध गतिविधियों की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीण महिलाओं ने आशंका जताई कि शराब की दुकान खुलने से मारपीट, विवाद और महिलाओं व छात्रों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं बढ़ सकती हैं। उन्होंने बताया कि दुकान के स्थान से गंगा पार बिहार राज्य आता है, जिससे बिहार के लोग भी शराब पीने के लिए यहां आ सकते हैं, जिससे गांव की शांति व्यवस्था प्रभावित होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित शराब की दुकान को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि गांव के बीच और स्कूल-मंदिर के पास शराब की दुकान खुलने से बच्चों और समाज पर बुरा असर पड़ेगा।
