गाजीपुर में किसान आईडी अभियान का डीएम ने किया निरीक्षण
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जनपद में फार्मर रजिस्ट्री (किसान आईडी) बनाने का विशेष अभियान तेजी से जारी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने ग्राम पंचायत फतेउल्लाहपुर और सहेड़ी का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंचायत सचिव और लेखपाल से मृतक एवं भूमिहीन किसानों का विवरण मांगा और फार्मर रजिस्ट्री के कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी पात्र लेकिन छूटे हुए किसानों की ई-केवाईसी और भू-अभिलेख सत्यापन (खतौनी-आधार लिंकिंग) समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया के पूर्ण होने से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य कृषि योजनाओं जैसे केसीसी और बीमा के लिए एक सटीक डेटाबेस तैयार होगा।
इससे केवल पात्र किसानों को ही योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ग्राम सचिवालय और पंचायत भवनों का नियमित दौरा कर लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करने के लिए भी निर्देशित किया।
किसानों से अपील की गई है कि वे अपना आधार कार्ड, बैंक पासबुक और खतौनी लेकर जन सेवा केंद्र या कृषि समन्वयक के पास जाकर अपनी किसान आईडी बनवाएं। साथ ही, यदि आधार और खतौनी में नाम अलग-अलग हैं, तो उसे तुरंत सही कराएं, अन्यथा उनकी रजिस्ट्री अमान्य हो सकती है।
