Today Breaking News

गाजीपुर में आपसी विवाद हिंसक झड़प में बदला, लाठी-फावड़े से हमला, छह गंभीर घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के भुड़कुंडा कोतवाली अंतर्गत एमावंशी गांव में बुधवार शाम आपसी विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दर्जनों लोगों ने एक पक्ष के घर पर लाठी-डंडों और फावड़े से हमला कर दिया, जिसमें छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही 112 पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना शाम करीब 4 बजे हुई, जिससे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घायलों की पहचान इंद्रदेव राम (65), अमित राम (48), अभिषेक राम (19), रानी देवी (45) पत्नी अमित राम, गोलू (20) पुत्र विसर्जन और अनीता उर्फ सुनीता देवी (45) पत्नी विसर्जन के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, हमलावरों ने सभी को निशाना बनाकर बेरहमी से पीटा, जिससे कई लोग मौके पर ही बेहोश हो गए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों की हालत गंभीर बनी रही। कई बार बेहोशी की स्थिति में पहुंचने पर चिकित्सकों और परिजनों को उन्हें होश में लाने के प्रयास करने पड़े। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाल धर्मेंद्र कुमार पांडे के निर्देशन में चौकी इंचार्ज शिवराज यादव, राजमणि सरोज और बृजेश कुमार गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

कोतवाल धर्मेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।