Today Breaking News

गाजीपुर में ट्रक में पीछे से घुसा तेज रफ्तार ट्रक, चालक और खलासी घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार की सुबह में दो ट्रकों की जोरदार टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
यह हादसा एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 296 किमी के पास की है। सड़क किनारे बालू लदा ट्रक खड़ा था। इसी दौरान बिहार से सिद्धार्थनगर की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक पीछे से उसमें जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बालू लदे ट्रक का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और भारी मात्रा में बालू सड़क पर फैल गई।

हादसे में पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक का केबिन बुरी तरह पिचक गया। उसमें सवार चालक और खलासी अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल चालक और खलासी की पहचान बस्ती जिले के निवासियों के रूप में हुई है। चालक जगदीश गिरी (निवासी कलवारी) और खलासी बैजनाथ (निवासी बहादुरपुर) को प्राथमिक उपचार दिया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। टीम ने राहत कार्य करते हुए यातायात को सुचारू कराया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि दुर्घटना चालक को नींद आने या कम दृश्यता के कारण हुई हो सकती है।