Today Breaking News

रूठी बीवी को वापस पाने के लिए जीजा ने साली का अपहरण कर मांगी अपनी मेहरारू

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, बाराबंकी. पति-पत्नी विवाद के मामले आपने बहुत सुने और देखे होंगे, लेकिन उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। आए दिन होने वाली कलह से अजीज आकर पत्नी रूठ कर अपने मायके चली गई। एक माह तक पति पत्नी को वापस लाने के लिए लाख कोशिशें करता रहा, लेकिन पत्नी वापस नहीं आई। इसके बाद पति ने चौंका देने वाला कदम उठा लिया। उसने अपनी नाबालिग साली का अपहरण कर लिया और उसके बदले में अपनी पत्नी वापस मांगी।
मामला लोनी कटरा थाना क्षेत्र का है। सुभाष वर्मा की तीन साल पहले कोठी की रहने वाली युवती से शादी हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही पारिवारिक कलह शुरू हो गई। किसी तरह तीन साल पत्नी ने काट दिए। फरवरी 2026 को पत्नी पति सुभाष को छोड़कर अपने मायके चली आई। पत्नी को वापस आने के लिए सुभाष लाख जतन किए, लेकिन पत्नी वापस नहीं आई।

पत्नी के वापस नहीं आने पर पति सुभाष ने प्लान बना डाला। उसने अपनी 16 साल की नाबालिग साली को किसी बहाने से बुलाया और उसको अपने घर ले आया। इसके बाद सुभाष ने ससुरालीजनों के सामने शर्त रख दी कि पत्नी भेजोगे, तभी साली को भेजेंगे। अजीब शर्त सुनकर ससुरालीजन परेशान हो गए। पहले सास ने दामाद को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई बात नहीं बनी। इसके बाद सास ने कोठी थाने में दामाद के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के चार दिन बाद किशोरी को आरोपी के कब्जे से मुक्त करा लिया। वहीं, आरोपी पति सुभाष को जेल भेज दिया। इस तरह युवक को न साली मिली और न पत्नी मिली। अब युवक जेल की हवा खा रहा है। पुलिस का कहना है कि किशोरी को न्यायालय में पेश करने के बाद परिजनों के सौंप दिया गया है। आरोपी को जेल भेजा गया है।