गाजीपुर में जमीनी विवाद में जमकर चले लाठी-डंडे, 6 गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के बिरनो थाना क्षेत्र के रुक्कापुर स्थित दलित बस्ती में शनिवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लिया।
थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि इस मामले में कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और धारा 151 के तहत उनका चालान किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में रामअवध पुत्र मरछु राम, जितेंद्र पुत्र मरछु, लखंडर पुत्र दमड़ी राम, मोहन पुत्र सुक्खू राम, मुकेश पुत्र मोहन राम और सोनू पुत्र मोहन शामिल हैं।
पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
