गाजीपुर में वाराणसी-गोरखपुर हाईवे से कार खाई में गिरी, युवक गंभीर घायल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र में वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस हादसे में कार सवार साहिल मौर्य (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। साहिल मऊ जिले के कोपागंज निवासी विनोद मौर्य के पुत्र हैं और किसी काम से वाराणसी जा रहे थे।
यह घटना रामपुर बंतरा स्थित बलवंत ढाबे के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सड़क से करीब 200 मीटर नीचे खाई की तरफ चली गई। कार के अनियंत्रित होकर सड़क से उतरने के बाद वह काफी दूर तक घिसटती चली गई।
सूचना मिलने पर नंदगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल साहिल मौर्य को एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया। उनका इलाज जारी है।
