Today Breaking News

गाजीपुर में आंधी-तूफान से बिजली विभाग को 50 लाख का नुकसान, 550 खंभे टूटे, 60 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में आई तेज आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, बिजली विभाग को लगभग 50 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। इस दौरान 33 केवीए लाइन से जुड़े लगभग 550 बिजली के खंभे टूट गए और 60 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए।
आंधी-तूफान के कारण सेवराई, जमानिया, सुहवल और मोहम्मदाबाद सहित कई इलाकों में मुख्य लाइन में फॉल्ट आ गया। इससे सैकड़ों गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।

हालांकि, राहत की बात यह है कि जिन 350 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप थी, उनमें से अधिकांश में सप्लाई बहाल कर दी गई है। अब केवल लगभग 10 गांव ऐसे बचे हैं, जहां मरम्मत कार्य जारी है और विभाग ने आज तक बिजली बहाल करने का लक्ष्य रखा है। विभाग की टीमें लगातार फील्ड में काम कर रही हैं और क्षतिग्रस्त खंभों व ट्रांसफार्मरों को तेजी से बदला जा रहा है।

अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना ने बताया कि आंधी-तूफान से बड़े स्तर पर नुकसान हुआ है, लेकिन विभाग पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि शेष बचे गांवों में भी आज बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। वहीं, ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए बिजली व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग की है।