Today Breaking News

गाजीपुर में भाजपा मंत्री और परिवार पर हमला, पड़ोसियों ने घर में घुसकर पीटा, 6 पर केस

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के सिउरा गांव में गुरुवार शाम भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला मंत्री कालीचरन राजभर और उनके परिवार पर कुछ ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस घटना में कालीचरन राजभर समेत उनके कई परिजन घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में कालीचरन राजभर ने आरोप लगाया है कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे गांव के पिन्कल राजभर, पंकज (पुत्र सुभाष राजभर), धीरज (पुत्र त्रिभुवन), रोशन और शैलेष (पुत्र शिवमुनि) तथा त्रिभुवन (पुत्र रामनाथ राजभर) ने एकजुट होकर उनके घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे कालीचरन राजभर, उनके पिता लालजी और बड़े पिताजी रामजी को गंभीर चोटें आईं।

हमलावरों ने घर में घुसकर मारपीट की और उनके चाचा शिवमुनि राजभर व भाभी अनीता देवी को भी पत्थर मारकर घायल कर दिया। कालीचरन राजभर के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिन्कल राजभर उनकी भतीजी पर फब्तियां कसता था, जिसका विरोध करने पर विवाद बढ़ा और मारपीट की घटना हुई।

कोतवाल राजनारायण ने जानकारी दी कि तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी घायलों का इलाज कराया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।