गाजीपुर बकरा मंडी में लाखों के बकरे बिके, बकरीद से पहले खरीदारी के लिए उमड़ी भारी भीड़
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. दिलदारनगर में बकरीद पर्व को लेकर रविवार को बकरा मंडी में मेले का आयोजन हुआ, जहां खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बिहार सहित पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों ने अपनी पसंद और हैसियत के अनुसार बकरों की जमकर खरीदारी की।
मेले में 40 हजार रुपये से लेकर डेढ़ लाख रुपये जोड़ा तक के बकरे आकर्षण का केंद्र बने रहे।
मेला संचालक आनंद प्रकाश ने बताया कि बकरीद से पहले लगने वाला यह अंतिम प्रमुख रविवार मेला था। इसके अलावा सोमवार और मंगलवार को भी मंडी लगेगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कुर्बानी का पर्व 28 मई को अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जाएगा। मेले में विभिन्न नस्लों के बकरे बिक्री के लिए लाए गए थे। कीमत अधिक होने के बावजूद लोगों में खरीदारी को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। त्योहार को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है। भीड़ को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
