Today Breaking News

फरक्का एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे व्यक्ति की मौत, गाजीपुर में जीआरपी ने उतारा शव

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. भटिंडा से बलूरघाट जा रही 15744 फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन की जनरल बोगी में रविवार देर शाम दम घुटने से एक यात्री की मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि यह घटना भीषण गर्मी और बोगी में अत्यधिक भीड़ के कारण हुई। 
मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित गोविंद कॉलोनी निवासी राजेश चौधरी (44) के रूप में हुई है। वह जनरल बोगी में यात्रा कर रहे थे और अपनी मंजिल तक पहुंचने से पहले ही भीड़ के कारण उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिससे उनकी मौत हो गई। उनके पास से एक आधार कार्ड भी मिला है।

कंट्रोल रूम से मिली सूचना के बाद गाजीपुर के भदौरा ब्लॉक क्षेत्र के दिलदारनगर जीआरपी थाना पुलिस ने दिलदारनगर रेलवे जंक्शन पर ट्रेन से राजेश का शव उतारा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस दौरान फरक्का एक्सप्रेस लगभग आधे घंटे तक दिलदारनगर जंक्शन पर रुकी रही।

दिलदारनगर जीआरपी पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ड्यूटी पर तैनात जीआरपी पुलिसकर्मी अशोक कुमार ने बताया कि बोगी में काफी भीड़ थी। उन्होंने यह भी कहा कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।