Today Breaking News

गाजीपुर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार, गर्मी से राहत पाने गंगा घाटों पर पहुंचे लोग

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। रविवार को शहर का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दोपहर बाद इसके 45 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान जताया है।
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण आम लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। इंसान ही नहीं, पशु-पक्षी और अन्य जीव-जंतु भी इस भीषण गर्मी से बेहाल हैं। ऐसे में लोग गर्मी से राहत पाने के लिए विभिन्न उपाय अपना रहे हैं।

इसी कड़ी में, गाजीपुर शहर के ददरी घाट पर बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग गंगा के ठंडे पानी में डुबकी लगाकर गर्मी से राहत पा रहे हैं। बच्चों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। वे गंगा में छलांग लगाकर तैराकी कर रहे हैं और घंटों पानी में मस्ती करते नजर आए। भीषण गर्मी के बीच गंगा घाट लोगों के लिए राहत का प्रमुख केंद्र बन गए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोपहर की तेज गर्मी और लू के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है। यही वजह है कि लोग सुबह और शाम गंगा घाटों की ओर रुख कर रहे हैं। ददरी घाट पर सुबह से ही लोगों की भीड़ देखी गई।

गंगा का ठंडा पानी लोगों को गर्मी से राहत और सुकून दे रहा है। हालांकि, प्रशासन ने गहरे पानी में जाने से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है। बच्चों द्वारा गंगा में लगातार छलांग लगाना खतरनाक हो सकता है, इसे देखते हुए सतर्कता बरतने को कहा गया है।