गाजीपुर में नेशनल हाईवे पर मछली लदी पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर, 5 घायल; 2 गंभीर
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के रेवतीपुर थाना क्षेत्र के नौली गांव के पास नेशनल हाईवे पर रविवार को एक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़ी मछली लदी पिकअप को पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मछली से लदी पिकअप सड़क किनारे खड़ी थी और व्यापारी वाहन से मछली उतार रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सड़क पर पलट गई और ट्रक भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे फंस गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायल पिकअप चालक लालू यादव, जो नगदिलपुर के निवासी हैं, ने बताया कि वे मछली लेकर व्यापारियों को देने के लिए वाहन सड़क किनारे खड़ा किए हुए थे। तभी पीछे से आए ट्रक ने अचानक टक्कर मार दी, जिससे वाहन पलट गया और वहां खड़े लोग भी इसकी चपेट में आ गए। घायल के घर से आई हुई महिलाओं ने सड़क को जाम कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर रेवतीपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। रेवतीपुर थानाध्यक्ष राजू दिवाकर ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को सड़क से हटा दिया गया है।
