Today Breaking News

गाजीपुर में ट्रक से यूपी-झारखंड की 6 फर्जी नंबर प्लेट मिलीं, चालान से बचने के लिए कर रहे इस्तेमाल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के महाराजगंज हाईवे पर प्रशासन की संयुक्त चेकिंग के दौरान एक ट्रक से उत्तर प्रदेश और झारखंड की करीब छह फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गईं। इस ट्रक में 'फोल्डिंग नंबर प्लेट सिस्टम' लगा था, जिससे चालक जरूरत पड़ने पर नंबर प्लेट बदल देता था और ट्रक नई पहचान के साथ सड़कों पर चलता था। इस मामले ने अधिकारियों को भी चौंका दिया है।
जांच में पता चला कि इस तकनीक का उपयोग ओवरलोडिंग, अवैध परिवहन और ई-चालान से बचने के लिए किया जा रहा था। अधिकारी बताते हैं कि अक्सर ऐसे जिलों में भी चालान कट जाते थे, जहां गाड़ियां कभी गई ही नहीं। अब यह सामने आया है कि शातिर चालक दूसरी गाड़ियों की नंबर प्लेट लगाकर नियमों को धता बताते थे, जिससे निर्दोष वाहन मालिकों को परेशानी उठानी पड़ती थी। चेकिंग के दौरान चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। हालांकि, विभाग ने जीपीएस ट्रैकर की मदद से वाहन को तुरंत लॉक कर दिया। इसके बाद एआरटीओ, खनन विभाग और प्रशासन ने संयुक्त रूप से ट्रक को सीज कर लिया। अब चेसिस नंबर के आधार पर इस पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों को संदेह है कि यह केवल एक ट्रक का मामला नहीं, बल्कि अवैध परिवहन का एक बड़ा संगठित रैकेट हो सकता है।

खनन विभाग के अनुसार, अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अप्रैल महीने में लगभग 80 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए करीब 33 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया था। एक ही ट्रक से इतनी फर्जी नंबर प्लेट मिलने के बाद विभाग और भी सतर्क हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि फर्जी नंबर प्लेट का यह खेल न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि आम वाहन मालिकों को भी कानूनी मुश्किलों में डाल देता है।