गाजीपुर जिले के भदौरा सीएचसी में ऑपरेशन से हुआ पहला सफल प्रसव, क्षेत्र को मिलेगा लाभ
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भदौरा में ऑपरेशन थिएटर (ओटी) सेवा शुरू होने के बाद पहला सफल सिजेरियन ऑपरेशन किया गया। इस ऑपरेशन के तहत एक प्रसव पीड़िता ने बच्चे को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
फरीदपुर गांव निवासी 21 वर्षीय फरहाना पत्नी अख्तर को प्रसव पीड़ा होने पर भदौरा सीएचसी में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद चिकित्सकों ने सिजेरियन ऑपरेशन का निर्णय लिया। डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर महिला का सुरक्षित प्रसव कराया।
इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे चालू रहेंगी
इस सफल ऑपरेशन में एनेस्थेटिस्ट डॉ. आशीष राय, सर्जन डॉ. जे.पी., स्टाफ नर्स मीरा यादव, ओटी सहायक ओमप्रकाश और एएनएम निधि राय, वार्ड बॉय मुकेश सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सर्जन डॉ. जे.पी. ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा में अब विभिन्न प्रकार के ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध हो गई है। प्रसव पीड़ित महिलाओं के लिए सिजेरियन ऑपरेशन की व्यवस्था होने से क्षेत्रीय लोगों को अब महंगे निजी अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इस सुविधा से आसपास के लगभग 40 गांवों के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा।
डॉ. जे.पी. के अनुसार, सामान्य कार्य दिवसों में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक मरीजों की जांच, परामर्श और दवा उपलब्ध कराई जाएगी। इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे चालू रहेंगी।
