गाजीपुर में 7 अंतर्राज्यीय शराब तस्कर गिरफ्तार, 563.21 लीटर अवैध शराब बरामद
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. दिलदारनगर में अधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को जीआरपी एवं आरपीएफ की संयुक्त टीम ने जमानिया रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सात अंतर्राज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 563.21 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
जीआरपी चौकी प्रभारी अश्विनी कुमार पटेल ने बताया कि प्लेटफार्म संख्या-1 के पूर्वी छोर स्थित यात्री शेड के पास चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर सातों तस्करों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ट्रेनों के माध्यम से शराब बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में अनुराग कुमार, सुमित कुमार, जितेंद्र कुमार, आशीष कुमार, शिवकुमार, राकेश कुमार तथा सतीश कुमार शामिल हैं, जो पटना, सीतामढ़ी और नालंदा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने इनके पास से पांच बोरी, 22 पिट्ठू बैग और चार झोलों में कुल 498.5 लीटर बीयर एवं 64.71 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। जीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
