Today Breaking News

गाजीपुर में डीएलएड छात्र पर फायरिंग करने वाला गिरफ्तार, दो अन्य की तलाश जारी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. ताड़ीघाट गांव में डीएलएड छात्र राजू यादव को गोली मारने के आरोप में वांछित आरोपी दुर्गा सिंह उर्फ गांधी (29) को चार दिन बाद सोमवार को रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस आरोपी को थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई। मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में फरार चल रहे दो अन्य आरोपी हिमांशु सिंह और मनीष सिंह उर्फ राहुल की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं, मामले का मुख्य आरोपी श्याम बहादुर उर्फ बुद्धन सिंह घटना से तीन दिन पहले ही गैंगस्टर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर चुका है।

गौलतलब है कि 7 मई की देर रात 25 वर्षीय राजू यादव गांव में आयोजित तेरही भोज से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपियों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने राजू यादव पर फायरिंग कर दी।

गोली राजू यादव के सिर के दाहिने पिछले हिस्से को चीरते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंच गई थी। परिजनों की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

वहीं, थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि आरोपी दुर्गा सिंह उर्फ गांधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तारी टीम में आरक्षी जितेंद्र कुमार, मुनेश प्रजापति, अमित गुप्ता और अमित कुमार शामिल रहे।