गाजीपुर में नई रेल लाइन का काम तेज, क्षेत्रीय विकास और रेल संपर्क को मिलेगा बढ़ावा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दिलदारनगर में दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर 11.8 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण कार्य एक बार फिर तेज हो गया है। भदौरा-उसिया-कर्मा के बीच बन रही यह लाइन क्षेत्रीय विकास और रेल संपर्क को बढ़ावा देगी। हाल ही में आंधी-तूफान और बारिश के कारण कार्य में कुछ रुकावट आई थी, लेकिन अब कार्य ने फिर से गति पकड़ ली है।
परियोजना के तहत कई स्थानों पर लगभग 10 मीटर ऊंचाई तक मिट्टी भराई कर समतलीकरण का कार्य मशीनों की मदद से किया जा रहा है। पहले चरण में देहवल से कर्मा गांव तक मिट्टी भराई का काम तेजी से चल रहा है। दिलदारनगर-रक्सहा बाईपास से भदौरा मार्ग तक मजदूरों और भारी मशीनों की सहायता से मिट्टी भराई पूरी कर टैंकरों से पानी डालकर समतलीकरण किया जा रहा है।
रेलवे विभाग के अनुसार, अब तक 168 किसानों की भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है, जिनमें से 158 किसानों को मुआवजा भी दिया जा चुका है। हालांकि, उसिया, बहुआरा और रक्सहा गांव के कुछ किसानों का भूमि अधिग्रहण और भुगतान अभी लंबित है, जिससे कार्य में आंशिक बाधा बनी हुई है।
वहीं, देहवल गांव के पास बांसवाड़ा हटाकर मिट्टी भराई का कार्य पूरा कर लिया गया है। दानापुर मंडल की सर्वे टीम लगातार निर्माण कार्य की निगरानी कर रही है।
इस परियोजना के तहत तीन स्थानों पर आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) और अंडरपास बनाए जाएंगे। पहला आरओबी देहवल गांव के पास, दूसरा दिलदारनगर-रक्सहा बाईपास पर और तीसरा दिलदारनगर-भदौरा मार्ग पर प्रस्तावित है। कर्मा गांव के पास एक नया यार्ड बनाया जाएगा, जहां यह नई रेल लाइन दिलदारनगर-सोनवल रेल लाइन से जुड़ेगी।
नई लाइन बनने से दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग गाजीपुर-मऊ रेल खंड से भी जुड़ जाएगा, जिससे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था को महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा।
