गाजीपुर में प्राथमिक विद्यालय में में खेल सामग्री, फर्नीचर चोरी; मुकदमा दर्ज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां स्थित प्राथमिक विद्यालय पिअजुआं में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने विद्यालय के कार्यालय का ताला तोड़कर लगभग 30 हजार रुपये मूल्य का सामान चुरा लिया। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिक्षा विभाग के अनुसार, यह घटना एक दिन पूर्व हुई थी। चोरों ने विद्यालय कार्यालय से पंखा, कुर्सियां, चटाई और विभिन्न खेल सामग्री सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं चुराईं। चोरी हुई खेल सामग्री में बैट-बॉल, कैरम बोर्ड, बैडमिंटन, लूडो, फुटबॉल और वॉलीबॉल शामिल हैं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुधाकर सिंह ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब विद्यालय में चोरी हुई है। इससे पहले भी कई बार हजारों रुपये का सामान चोरी हो चुका है। उन्होंने लगातार हो रही इन घटनाओं पर विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। इस मामले की सूचना शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है।
खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गौतम ने पुष्टि की कि चोरी की सूचना मिलते ही थाने में तत्काल मुकदमा दर्ज कराया गया है। शिक्षा विभाग भी अपने स्तर पर इस पूरे मामले की जांच कर रहा है।
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि विद्यालय में चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम घटना की गहन छानबीन कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
