Today Breaking News

एक लाख का इनामी बीजेपी नेता गिरफ्तार, पुलिस ने दोनों पैर में मारी गोली

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, फतेहपुर. फतेहपुर में जघन्य अपराधी भाजपा नेता को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के दोनों पैर में गोली लगी है। आरोपी को घायल हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दरअसल, बीते दिनों मंगेतर के साथ घूमने गई एक युवती को भाजपा नेता ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर रेप और छेड़खानी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद से आरोपी भाजपा नेता फरार चल रहा था। एडीजी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 1 लाख का इनाम घोषित किया था।

खागा कोतवाली क्षेत्र में बीते 24 अप्रैल को मंगेतर के साथ घूमने गई युवती के साथ रेप, मारपीट और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर मंगेतर के खाते से ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर कर लिया था। मामले के दो आरोपियों में युवराज सिंह और ललित सिंह को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।

वहीं तीसरा आरोपी भाजपा नेता बबलू सिंह उर्फ भूत घटना के बाद से फरार चल रहा था। इस पर ADG प्रयागराज जोन ने बदमाश भाजपा नेता पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।

गुरुवार को तड़के एसओजी और पुलिस को प्रेम नगर-बुदवन मार्ग पर ससुर खदेरी नदी पुल के पास जंगल में आरोपी बबलू के छिपे होने की सूचना मिली। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बदमाश की घेराबंदी की। यह देख आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायर झोंक दिया। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इमामिया बदमाश के दोनों पैर में गोली लगी है। घायल अवस्था में बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस के साथ 1600 रुपये कैश भी पुलिस ने बरामद किया है।

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि इनामी बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विधिक कार्रवाई करते हुए कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को रिमांड में लिया जाएगा।