गाजीपुर में आकाशीय बिजली से दंपती की मौत, DM ने बच्चों को 4-4 लाख के चेक सौंपा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मुहम्मदाबाद तहसील अंतर्गत ग्राम ज्ञानपुर में 4 मई 2026 की शाम करीब 5:30 बजे हादसा हो गया। खेत में काम कर रहे सुकर राजभर (57) और उनकी पत्नी शिवकुमारी देवी (41) की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी अनुपम शुक्ल ने मृतक दंपति के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने आपदा राहत कोष से मृतकों के बच्चों को 4-4 लाख रुपये के चेक सौंपे। इसके अलावा जिला पूर्ति विभाग की ओर से परिवार को लाल राशन कार्ड भी उपलब्ध कराया गया।
डीएम अनुपम शुक्ल ने परिवार को सरकार की सभी लाभकारी योजनाओं से जोड़ने और बच्चों की हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर बच्चों से मिलकर उनकी समस्याओं की निगरानी करें और उन्हें आवास योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं।
डीएम अनुपम शुक्ला ने बच्चों को भरोसा दिलाया कि 18 वर्ष की आयु पूरी होने तक उनकी शिक्षा, भोजन और अन्य आवश्यक जरूरतों की जिम्मेदारी शासन उठाएगा। बच्चों के बैंक खाते खुलवाने सहित अन्य व्यवस्थाएं भी प्रशासन की देखरेख में कराई जाएंगी। इस दौरान उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, बच्चों के मामा और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
