Today Breaking News

गाजीपुर में नई रेल लाइन का निर्माण तेज, दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग को गाजीपुर-मऊ रेलखंड से जोड़ा जाएगा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर भदौरा-उसिया-कर्मा के बीच बन रही 11.8 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण कार्य अब तेजी पकड़ने लगा है। यह परियोजना क्षेत्र में रेल संपर्क और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के साथ विकास को भी नई गति देगी।
परियोजना के तहत विभिन्न स्थानों पर करीब 10 मीटर ऊंचाई तक मिट्टी भराई और समतलीकरण का कार्य मशीनों की मदद से कराया जा रहा है। पहले चरण में देहवल से कर्मा गांव तक मिट्टी भराई का कार्य तेजी से चल रहा है। दिलदारनगर-रक्सहां बाईपास से भदौरा मार्ग तक मिट्टी भराई पूरी कर टैंकरों से पानी डालकर समतलीकरण किया जा रहा है।

अब तक 168 किसानों की भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है। इनमें 158 किसानों को मुआवजा भी दिया जा चुका है। हालांकि उसिया, रक्सहां और बहुअरा गांव के कुछ किसानों का भूमि अधिग्रहण और भुगतान अभी लंबित है, जिससे निर्माण कार्य में आंशिक बाधा बनी हुई है।

देहवल गांव के पास बांस हटाने के बाद मिट्टी भराई का कार्य पूरा कर लिया गया है। दानापुर मंडल की सर्वे टीम लगातार निर्माण कार्य की निगरानी कर रही है।

परियोजना के तहत तीन स्थानों पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और अंडरपास बनाए जाएंगे। पहला आरओबी देहवल गांव के पास, दूसरा दिलदारनगर-रक्सहां बाईपास पर और तीसरा दिलदारनगर-भदौरा मार्ग पर प्रस्तावित है। इसके अलावा कर्मा गांव के पास नया यार्ड भी बनाया जाएगा, जहां नई रेल लाइन दिलदारनगर-सोनवल रेल लाइन से जुड़ेगी।