Today Breaking News

गाजीपुर में मंगलसूत्र-पायल लेकर बाइक सवार ठग फरार, 15 दिन में दूसरी वारदात

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र में महिला ठग गिरोह ने ढोणावीर बोगना गांव निवासी बसंती चौहान से हजारों रुपये के आभूषण ठग लिए। इसकी पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन अब तक खुलासा नहीं हो सका है। क्षेत्र में लगातार दूसरी घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी है।
बसंती चौहान अपने पति मन्नी चौहान के साथ मऊ से लौट रही थीं। दोपहर में बरही चट्टी पर बस से उतरने के बाद एक बाइक सवार महिला और पुरुष उनके पास पहुंचे। दोनों ने खुद को गांव का परिचित बताते हुए उन्हें घर छोड़ने की बात कही। विश्वास में लेकर दोनों बसंती को बाइक पर बैठाकर देवापुर चट्टी से नवपुरा जाने वाले सुनसान मार्ग पर ले गए।

वहां ठगों ने बसंती को एक छोटा बैग देते हुए कहा कि इसमें कीमती आभूषण हैं और इसे सुरक्षित अपने पास रखें। इसके बाद उन्होंने कहा कि पास के गांव में रिश्तेदारी में जाकर दस मिनट में लौटते हैं और फिर उन्हें घर छोड़ देंगे।

इसी दौरान महिला ठग ने अपने गले और पैरों में गहने न होने की बात कहकर बसंती चौहान का मंगलसूत्र और पायल उतरवा लिया और खुद पहन लिया। कुछ देर में लौटाकर देने का भरोसा देकर दोनों वहां से फरार हो गए।

काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब बसंती ने बैग खोलकर देखा तो उसमें टूटे हुए गहनों के खाली डिब्बे और कागज रखे थे। खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर वह घर पहुंचीं। हालांकि, पीड़िता ने अभी तक पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी है।

बताया जा रहा है कि इसी तरह की वारदात 15 दिन पहले भी गांव की प्रेमा चौहान के साथ हुई थी। बरही गांव के पास सुनसान स्थान पर बाइक सवार महिला और पुरुष ने उनसे लाखों रुपये के आभूषण छीन लिए थे। उस मामले में पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार दूसरी घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी है।