Today Breaking News

गाजीपुर में किशोर का गला घोंटा, फिर शव पेड़ पर लटकाया, आरोपी दोस्त गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. बहरियाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर गांव में बीते शनिवार को एक पोखर के किनारे नीम के पेड़ से लटके मिले 15 वर्षीय किशोर शिवम खरवार की मौत का खुलासा हो गया है।
जांच में पता चला कि शिवम की मौत गला दबाकर हत्या करने से हुई थी। इस हत्या के पीछे मिर्जापुर गांव निवासी 35 वर्षीय रवि गोड़ की भूमिका सामने आई।

पुलिस को मुखबिर से रवि के ठिकाने की सटीक सूचना मिली। इसके आधार पर बहरियाबाद थाना अध्यक्ष बृजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर घेराबंदी कर क्षेत्र के मीरपुर पुलिया के पास से रवि गोड़ को गिरफ्तार कर लिया। सैदपुर पुलिस क्षेत्राधिकार रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि पूछताछ में रवि ने स्वीकार किया कि उसकी शिवम के साथ दोस्ती थी। शुक्रवार देर शाम दोनों गांव के एक तिलक समारोह में शामिल हुए। वहां उन्होंने शराब पी और फिर कुछ शराब लेकर गांव के पास स्थित एक पोखरी के किनारे चले गए।

शराब पीते समय दोनों में गाली-गलौज होने लगी और वे आपस में लड़ने लगे। इसी दौरान रवि ने अपने हाथ से शिवम का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद रवि ने पास स्थित नीम के पेड़ से लटकी एक बेल के सहारे फंदा बनाकर शिवम के शव को पेड़ से लटका दिया, ताकि यह आत्महत्या लगे। इसके बाद वह शिवम की साइकिल लेकर घर आ गया। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घटना के खुलासे में मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मृतक शिवम अपने छह भाइयों में सबसे छोटा था। वह गांव की चट्टी पर अंडे की दुकान चलाता था और कक्षा 9 की पढ़ाई भी कर रहा था।