Today Breaking News

गाजीपुर में कर्मभूमि एक्सप्रेस से भारी मात्रा में शराब बरामद

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट दिलदारनगर द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन सतर्क” अभियान के तहत अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।
रविवार की रात उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा स्थित बराकलां हाल्ट के समीप चेकिंग अभियान के दौरान ट्रेन संख्या 12546 डाउन साप्ताहिक कर्मभूमि एक्सप्रेस के स्लीपर कोच S5 एवं S6 से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई।

आरपीएफ को सूचना मिली थी कि तस्कर ब्लॉक सेक्शन में चेन पुलिंग कर ट्रेन रोककर शराब की खेप लोड करने वाले हैं। सूचना के आधार पर आरपीएफ टीम सतर्क हो गई। बताया गया कि करहीया हाल्ट पार करने के बाद ट्रेन को रोककर शराब चढ़ाई गई। इसके बाद संयुक्त टीम ने ट्रेन की सघन तलाशी शुरू की, जिसमें S5 और S6 कोच से भारी मात्रा में बीयर एवं अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

कार्रवाई के दौरान कुल 201.750 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹70,410 बताई गई है। बरामद शराब को नियमानुसार कब्जे में लेकर अज्ञात तस्करों के खिलाफ आरपीएफ पोस्ट दिलदारनगर में धारा 164/145 आरए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसआई नवीन कुमार को सौंपी गई है।

इस अभियान में आरपीएफ प्रभारी गणेश सिंह राणा के नेतृत्व में पूरी टीम सक्रिय रही। रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।